लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मिला प्रतिष्ठित राष्ट्रीय क्वालिटी एश्युरेंस अवार्ड…

कोरोना संकट के बीच मुंगेली जिले से अच्छी खबर आई है। मरीजों के बेहतर इलाज, देखरेख और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिये विकासखंड मुख्यालय लोरमी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS – National Quality Assurance Standard) पुरस्कार के लिए चुना गया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री विकासशील ने छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह को पत्र लिखकर इस आशय की सूचना दी है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए अस्पताल के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने भरोसा जताया है कि स्वास्थ्य केन्द्र आगे भी अपनी उत्कृष्ट सेवा के जरिए प्रदेश के अस्पतालों के लिए नए मानक स्थापित करेगा।


मुंगेली के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश खैरवार ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम द्वारा 6 एवं 7 फरवरी 2020 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी के कार्यों, सेवाओं और सुविधाओं का गहराई से निरीक्षण, परीक्षण और अवलोकन किया गया था। टीम ने कड़े मापदंडों पर यहां की सुविधाओं का विश्लेषण किया था। टीम ने वहां खासकर प्रसूति एवं ऑपरेशन कक्ष, ओपीडी, रेडियोलॉजी, पीपी यूनिट, पैथोलॉजी और ब्लड-बैंक का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। अस्पताल में इलाज और सुविधाओं के बारे में उन्होंने मरीजों से फीडबैक भी लिया। इन कड़े मापदंडों में खरा उतरने के बाद  केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा लोरमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का चयन क्वालिटी एश्युरेंस अवार्ड एवं सर्टिफिकेट के लिए किया गया है।