:पुलिस से बचने दो नदी में कूदे, एक तैर कर बाहर निकला, दूसरे की अगले दिन मिली लाश

राजनादगांव -शहर के करीब 10 युवक जिला मुख्यालय से 11 किमी दूर स्थित मोहभट्‌ठा के खार में बुधवार की देर शाम पिकनिक मनाने गए हुए थे। इस बीच ग्रामीणों ने लालबाग थाने को सूचना दे दी कि वहां जुआ भी चल रहा है। सूचना पर पुलिस ने रात करीब आठ बजे दबिश दी। मौके पर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि पुलिस के भय से दो युवक नदी की दिशा में भाग निकले। इनमें से एक युवक राजीव नगर निवासी योगेंद्र सोनकर शिवनाथ नदी में डूब गया। एक अन्य युवक तैरकर निकल गया। रात में इसकी भनक नहीं लगी। रात भर घर नहीं लौटने पर परिजन सुबह लालबाग थाने पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। परिजन ने बताया कि अपने दोस्तों के साथ पार्टी मनाने की बात कहकर योगेंद्र निकला था, जो रात तक घर नहीं लौटा। इस सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई। लालबाग पुलिस की टीम मौके पर गई तो वहां नदी किनारे योगेंद्र का जूता पड़ा मिला। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से योगेंद्र की पतासाजी शुरू की। सुबह से दोपहर तक शिवनाथ नदी में तलाश करने के बाद करीब डेढ़ बजे योगेंद्र का शव उसी जगह पर मिला। होमगार्ड के जवानों ने शव को मोखली और कोटरासरार के बीच स्थित पुल के पास लाया, नदी से बाहर निकाला। तैरना नहीं आता था योगेंद्र को: योगेंद्र के साथ एक अन्य युवक भागने लगा था। उसने देखा कि योगेंद्र नदी में कूदा। उसको लगा कि योगेंद्र भी तैरकर नदी से निकलकर फरार हो गया होगा। आनन-फानन में घटनाक्रम समझ नहीं सका। योगेंद्र को तैरना नहीं आता था। कार्रवाई के दौरान इन्हें जुआ के मामले में पकड़ा मोहभट्‌ठा खार में राहुल देव (21 साल), अजय वर्मा (20 साल), सूरज लोहार (27 साल), प्रशांत पवार (21 साल), शिव रजक (30 साल), विनोद यादव (26 साल, गणेश मानिकपुरी (30 साल), कमल साहू (27 साल) को पुलिस ने बुधवार की रात मोहभट्‌ठा खार में पकड़ा। इनके पास से ताशपत्ती और 4260 रुपए जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार ये मोमबत्ती की रोशनी में जुआ खेल रहे थे। कुछ जुआरी पुलिस को देखकर भागने में सफल हो गए। मौके से एक पीले रंग का त्रिपाल, मोमबत्ती बरामद किया गया। इनके खिलाफ जुआ एक्ट की कार्रवाई की गई। अपराध धारा जमानती होने से व आरोपियों द्वारा सक्षम जमानतदार पेश करने पर जमानत-मुचलका पर रिहा किया। अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उल्लेखनीय है लॉकडाउन के दौरान जुआ के मामले बढ़े हैं। जुआरी खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ खेलने पहुंच रहे हैं। पुलिस इसे लेकर अलर्ट है और लगातार दबिश भी दे रही है। रात में नहीं मिली थी युवक के डूबने की जानकारी "पुलिस को सूचना मिली थी मोहभट्‌ठा खार में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। 8 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया। पुलिस को रात में जानकारी नहीं मिली थी कि एक युवक नदी में डूब गया है। हमें परिजनों ने सुबह सूचना दी, तब पता चला। गुम इंसान कायम कर उसकी खोजबीन की गई। दोपहर में युवक का शव नदी से निकाला गया।" - मणिशंकर चंद्रा, सीएसपी