मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस मुख्यालय में राज्य साइबर पुलिस थाना का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से आज पुलिस मुख्यालय में स्थापित राज्य साइबर पुलिस थाना का शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर पुलिस विभाग को बधाई देते हुए कहा कि राज्य में होने वाले साइबर अपराधों के नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग की यह अच्छी पहल है। इससे विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों को तेजी से सुलझाने में सहायता मिलेगी। साथ ही यहां से अन्य पुलिस थानों को भी साइबर अपराधों के अनुसंधान में जरूरी मार्गदर्शन एवं तकनीकी मदद मिल सकेगी। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से राज्य साइबर पुलिस थाना का मुआयना भी किया। उनके साथ ऑनलाइन शुभारंभ कार्यक्रम में गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्यमंत्री एवं गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, विशेष पुलिस महानिदेशक आर.के. विज और चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी समीर बिश्नोई भी मौजूद थे। वहीं पुलिस मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस से पुलिस महानिदेशक डी.एम. अवस्थी, विशेष पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक हिमांशु गुप्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।